17 नवंबर 2022 - 19:17
ग्रोसी ने कहा ईरान का परमाणु कार्यक्रम आगे बढ़ रहा है, तेहरान ने पश्चिमी दख़लअंदाज़ी को लेकर दी कड़ी चेतावनी

अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए के महानिदेशक राफ़ायल ग्रोसी ने बयान दिया है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम काफ़ी आगे बढ़ा है और एजेंसी को यूरेनियम संवर्धन के स्तर में बढ़ोत्तरी साफ़ नज़र आ रही है वहीं तेहरान ने आईएईए के बोर्ड आफ़ गवर्नर्ज़ की आगामी बैठक में यूरोप और अमरीका की नकारात्मक गतिविधियों को लेकर चेतावनी दी है।

बुधवार को वियेना में बोर्ड आफ़ गवर्नर्ज़ की बैठक शुरू हो गई है जो तीन दिन जारी रहेगी और बैठक में ईरान के ज़रिए परमाणु प्रतिबद्धताओं के पालन के स्तर और आईएईए के साथ उसके सहयोग का जायज़ा लिया जा सकता है।

कुछ सूत्रों के हवाले से मीडिया ने कहा है कि बोर्ड यह कह सकता है कि ईरान आईएईए के साथ वांछित सहयोग नहीं कर रहा है।

ग्रोसी ने कहा कि ईरान ने कुछ प्रतिष्ठानों में लगे आईएईए के कैमरे बंद किए थे जिसकी वजह से अस्पष्ट बिंदुओं की संख्या बढ़ी है मगर अभी स्थिति नियंत्रण से बाहर नहीं है एजेंसी को जिन जानकारियों की ज़रूरत है वह अब भी मिल सकती हैं।

ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने चेतावनी दी है कि अगर बोर्ड आफ़ गवर्नर्ज़ में अमरीका और यूरोपीय देशों ने नकारात्मक गतिविधियां कीं तो इसका उन्हें इसका ख़मियाज़ा भुगतना पड़ेगा।

अमीर अब्दुल्लाहियान ने कहा कि अमरीका हमारे देश पर पाबंदियां लगाने की धमकी देता है और परमाणु मामले में रेडलाइने पार करने की बात करता है। उन्होंने कहा कि अगर बोर्ड की बैठक में ईरान के ख़िलाफ़ कोई भी प्रस्ताव पारित हुआ तो ईरान इसका प्रभावी रूप से जवाब देगा।

ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के डायरेक्टर मुहम्मद इस्लामी ने कहा कि अगर हमारे देश के ख़िलाफ़ कोई भी प्रस्ताव बोर्ड आफ़ गवर्नर्ज़ की तरफ़ से पारित होता है तो हम उसे निश्चित रूप से ख़ारिज करेंगे। उन्होंने कहा कि मसौदा देखकर लगता है कि इसे तैयार करने वाले दुर्भावना से ग्रस्त हैं।

342/